@स्वराज न्यूज डेस्क।बुधवार रात हर तरफ नए साल के जश्न का उल्लास नजर आया। युवाओं ने जमकर मस्ती की। रात को जैसे ही 12 बजे वैसे ही पूरा शहर हैप्पी न्यू ईयर के साथ आतिशबाजी के धमाकों से गूंज उठा। देर रात तक लोगों ने खूब जश्न मनाया। सोशल मीडिया पर नववर्ष की बधाइयों का दौर शुरू हो गया। नए साल का जश्न मनाने के लिए बुधवार की सुबह से लोग होटल-रेस्तरां में बुकिंग कराना शुरू कर दिया। होटल और रेस्तरां संचालकों ने इस मौके को जमकर भुनाया। होटल-रेस्तरां में आकर्षक सजावट की गई। गिफ्ट गैलरियों में भी खासी भीड़ रही।
साल के पहले दिन के स्वागत के लिए खास तैयारियां की गईं। शाम होते ही होटल, रेस्टोरेंट व ढाबों पर जश्न का दौर शुरू हो गया। लोगों ने लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाया। देर रात तक डीजे पर लोगों ने जमकर डांस किया। नए साल के जश्न में देर रात तक लोग डूबे रहे। रात 12 बजते ही शहर में जगह-जगह आतिशबाजी के साथ धूम धड़ाका शुरू हो गया। वर्ष 2025 को लोगों ने विदाई दी और वर्ष 2026 का गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों ने एक-दूसरे को हाथ मिलाकर और गले मिलकर नए साल की शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर भी नवर्ष के संदेशों का आदान-प्रदान शुरू हो गया। व्हाटसएप व फेसबुक के जरिये लोगों ने एक-दूसरे को नववर्ष की बधाई दी। पुलिस प्रशासन रहा सतर्क नए साल के जश्न में कोई खलल न डाले, इसके लिए पुलिस-प्रशासन लगातार सतर्क रहा। रात में होटल ढाबों पर पैनी नजर रखी गई। साथ ही पुलिस प्रशासन ने रात में अलग अलग इलाकों में गश्त की।










